भोपाल: मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में 35 हजार से अधिक गौपालकों के शामिल होने की बात कही गई है।
गौपालक दीदियों को किया जाएगा सम्मानित
सम्मेलन के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी लाभार्थियों को वितरित करेंगे।
उज्जैन में अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का भूमि-पूजन
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। इस परियोजना को प्रदेश में डेयरी क्षेत्र के विस्तार और दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भोपाल और शिवपुरी में नई डेयरी सुविधाओं की शुरुआत
अमित शाह भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन, भोपाल परिसर में सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी उद्घाटन किया जाएगा। शिवपुरी में मिनी डेयरी संयंत्र की शुरुआत भी कार्यक्रम के दौरान होगी।
दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा बोनस
गौपालक सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि का वितरण किया जाएगा। इससे दुग्ध उत्पादकों को उनकी आपूर्ति के आधार पर अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
गौशालाओं के लिए दो महीने की अनुदान राशि का DBT से वितरण
प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत और संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव एवं भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि भी ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से वितरित की जाएगी। यह राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के आहार, देखभाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए दी जाती है।