अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में शुक्रवार तड़के समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा धामणगांव रेलवे क्षेत्र के पास हुआ, जहां दुर्गा प्रतिमा लेकर शेगांव से वर्धा की ओर जा रहे एक वाहन को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्रद्धालुओं से भरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दुर्गा प्रतिमा लेकर वर्धा लौट रहे थे श्रद्धालु
नवरात्रि और दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं का समूह शेगांव से मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जिले की ओर लौट रहा था। उनका वाहन समृद्धि महामार्ग से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि धामणगांव रेलवे के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, 21 घायल अस्पताल पहुंचे
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और राहत दल ने बचाव अभियान तेज किया। सभी 21 घायलों को धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मुताबिक, घायलों में 4 से 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए अमरावती के अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरावती ग्रामीण पुलिस के अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोपों में कार्रवाई शुरू की है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की स्थिति का भी जायजा लिया। इस हादसे के बाद एक बार फिर समृद्धि महामार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता सामने आई है।