Bhopal | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे। उनका भोपाल में करीब 23 घंटे का प्रवास प्रस्तावित है। शाह 3 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे भोपाल से रवाना होंगे। इस दौरान वे गोपालक सम्मेलन, डेयरी परियोजनाओं, नए आपराधिक कानूनों से जुड़ी प्रदर्शनी और IISER के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
भेल दशहरा मैदान में जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गोपालक
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में 35 हजार से ज्यादा गोपालकों और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में दुग्ध उत्पादकों को बोनस, गोशालाओं के लिए सहायता और महिला पशुपालकों के सम्मान समेत कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
₹16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का उद्घाटन
शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार ₹16.80 करोड़ के फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। परियोजना में केंद्र सरकार की ओर से ₹6 करोड़ का अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ की ओर से ₹10.80 करोड़ का योगदान शामिल है। प्लांट की दूध प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। यहां दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे वैल्यू-एडेड डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित किए जाने का कार्यक्रम भी है।
₹3,774 करोड़ के वेस्टर्न बायपास का शिलान्यास
अमित शाह भोपाल वेस्टर्न बायपास का शिलान्यास भी करेंगे। इस परियोजना की लागत करीब ₹3,774 करोड़ बताई गई है। बायपास के निर्माण से भोपाल से होकर गुजरने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलने की उम्मीद है।
IISER-ATRI कैंपस और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का कार्यक्रम
शाह भौंरी स्थित IISER भोपाल के प्रस्तावित ATRI कैंपस का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है। भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों और पुलिसिंग में हुए बदलावों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।
अमित शाह के दौरे से भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन
अमित शाह के दौरे को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने 2 अक्टूबर की शाम 6 बजे से कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट करने की व्यवस्था की है। सामान्य वाहनों के लिए भी रात 8 बजे से कुछ मार्ग बदले जाएंगे।
यात्री बसों के लिए बदलाव
- राजगढ़-ब्यावरा से नादरा बस स्टैंड: बसें मुबारकपुर बायपास तिराहा से गांधीनगर तिराहा, करोंद, बेस्ट प्राइज तिराहा और जेपी नगर तिराहा होते हुए नादरा बस स्टैंड जाएंगी।
- सीहोर-उज्जैन की ओर जाने वाली बसें: लालघाटी की ओर जाने के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी।
- नादरा बस स्टैंड की ओर आने-जाने वाले यातायात के लिए गांधीनगर-करोंद क्षेत्र के वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
शाम 6 बजे से भदभदा चौराहा से भारत माता चौराहा, स्मार्ट रोड, पॉलीटेक्निक चौराहा, कमलापार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधीनगर तिराहा तक भारी, मालवाहक और अन्य निर्धारित वाहनों का रूट परिवर्तित रहेगा। इन वाहनों के लिए मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क और खजूरी बायपास होते हुए वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है।
रात 8 बजे से सामान्य वाहनों के रूट बदलेंगे
रात 8 बजे से सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए भी कुछ मार्गों पर डायवर्जन रहेगा।
- बैरागढ़ और राजाभोज एयरपोर्ट: मातामंदिर-नीलबड़-खजूरी बायपास-मुबारकपुर मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
- सीहोर-इंदौर: मातामंदिर, मैनिट, नीलबड़, रातीबड़ और झागरिया मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
- राजगढ़-ब्यावरा: शहर से जाने वाले वाहन प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद और गांधीनगर होकर जा सकेंगे।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को छूट
यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आकस्मिक वाहनों पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से डायवर्जन वाले मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 2443850 जारी किए गए हैं।