भोपाल: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश के लिए यह गौरव का दिन है, जब हम स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले दो महान व्यक्तित्वों को याद कर रहे हैं।
PM मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा भारत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ पर CM का जोर
डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन उस दौरान अंग्रेजों की सोच और व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
कैप्टन स्मित मछार के साहस को CM ने किया सलाम
मुख्यमंत्री ने भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के साहस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इजरायल के यात्री विमान में यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैप्टन मछार ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस दिखाया। डॉ. यादव ने उनके इस कार्य को प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया और उनके शौर्य, साहस तथा मानवता की भावना को नमन किया।
अमित शाह के भोपाल दौरे को लेकर CM ने बताई योजनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं। उनके दौरे के दौरान गोपालक सम्मेलन के जरिए दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के उद्घाटन समेत कई विकास कार्यों की सौगात प्रदेश को मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।
नक्सलमुक्त मध्यप्रदेश के बाद नशामुक्ति पर जोर
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है और राज्य इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।