मुंबई - फिल्म ‘हनुमान अंश’ की लोकप्रियता सिनेमाघरों के साथ-साथ इसके संगीत में भी नजर आ रही है। फिल्म का चर्चित गीत ‘पार्वती’ अब भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका है। बुंदेली लोक संगीत से प्रभावित इस गाने ने YouTube Music के साप्ताहिक गानों के चार्ट में भारत में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, ग्लोबल सॉन्ग्स चार्ट में यह गीत दूसरे नंबर तक पहुंच गया है।
भारत में 4.72 करोड़ से ज्यादा व्यूज
YouTube Charts के आंकड़ों के मुताबिक, चार्टिंग अवधि के दौरान ‘पार्वती’ को भारत में 4,72,66,182 व्यूज मिले। इस प्रदर्शन के साथ यह भारत के Weekly Top Songs Chart में नंबर-1 बन गया। ग्लोबल चार्ट में इससे आगे फिलहाल शकीरा और बर्ना बॉय का ‘Dai Dai’ है।
गाने की खासियत इसका लोक और भक्ति संगीत का मेल भी माना जा रहा है। गीत को साधु तिवारी ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। फिल्म की कहानी से जुड़े होने के बावजूद ‘पार्वती’ ने सोशल मीडिया और शॉर्ट-फॉर्म वीडियो प्लेटफॉर्म पर भी अलग पहचान बनाई है।
YouTube पर 10 करोड़ का आंकड़ा पार
‘पार्वती’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाना YouTube पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। इसके अलावा गाने का इस्तेमाल इंस्टाग्राम रील्स और दूसरे सोशल मीडिया कंटेंट में भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गाने से जुड़े शॉर्ट-फॉर्म वीडियो की संख्या भी 15 लाख से ज्यादा पहुंच चुकी है। लोगों ने इसे डांस परफॉर्मेंस, कवर, धार्मिक आयोजनों और दूसरे सोशल मीडिया कंटेंट में इस्तेमाल किया है।
फिल्म से अलग भी बनी पहचान
‘पार्वती’ की सफलता अब सिर्फ ‘हनुमान अंश’ के दर्शकों तक सीमित नहीं रह गई है। गाने की लोकप्रियता ने इसे फिल्म के साउंडट्रैक से अलग एक स्वतंत्र डिजिटल हिट के तौर पर स्थापित किया है। यही वजह है कि फिल्म की कहानी से इतर भी यह गीत लगातार नए श्रोताओं तक पहुंच रहा है। फिल्म के संगीत की इस सफलता के बीच ‘हनुमान अंश’ का पूरा एल्बम भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के साउंडट्रैक ने 100 मिलियन से ज्यादा स्ट्रीम्स का आंकड़ा पार किया है।
‘पार्वती’ की सफलता से बढ़ी फिल्म की चर्चा
‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म है। इसके गाने की लोकप्रियता ने फिल्म को लेकर चर्चा को और बढ़ाया है। ‘पार्वती’ के भारत में नंबर-1 और वैश्विक चार्ट में नंबर-2 पर पहुंचने के बाद अब इस गीत की सफलता फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा से आगे निकलकर एक अलग संगीत उपलब्धि के रूप में सामने आई है।