देहरादून | पहाड़ों में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को जमकर बर्फबारी हुई। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और पंचाचूली की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। वहीं हिमाचल के लाहुल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के जलोड़ी जोत के साथ कश्मीर के सोनमर्ग और जोजिला दर्रे में भी हिमपात दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव का असर पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक दिखाई दे रहा है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी
उत्तराखंड में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और पंचाचूली सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। कुमाऊं मंडल की व्यास, दारमा और जोहार घाटियों में भी बर्फबारी दर्ज की गई। मुनस्यारी के खलिया टाप में इस सीजन का पहला हिमपात हुआ है।वहीं देहरादून और मसूरी के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में भी बारिश की हल्की फुहारें पड़ीं। जौलजीबी में बारिश और तेज हवाओं के कारण मेले के लिए लगाए गए बैनर और पोस्टर उड़ गए।
कश्मीर में सोनमर्ग और जोजिला में गिरी बर्फ
कश्मीर के सोनमर्ग, गुरेज घाटी और जोजिला दर्रे में करीब एक से दो इंच तक बर्फबारी हुई। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी हल्का हिमपात दर्ज किया गया। गुलमर्ग में शनिवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। घाटी के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान भी सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे बना हुआ है। जम्मू संभाग के कई जिलों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री के बीच रहने से ठंड का असर बढ़ गया है।
हिमाचल में बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को रफ्तार
हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति, रोहतांग और जलोड़ी जोत में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। ऊंची चोटियों पर हुए हिमपात से पर्यटक आकर्षित हो रहे हैं और पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिलने लगी है। शिमला, मनाली और धर्मशाला सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इस सप्ताहांत बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। बर्फबारी के बाद पहाड़ी इलाकों में मौसम का नजारा और भी खूबसूरत हो गया है।
दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में भी बढ़ी ठंड
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मौसम में बदलाव का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले बदलाव पर लोगों की नजर रहेगी।