रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सोमवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने संभाग के सात जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के 11 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बस्तर संभाग के सात जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग के कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए सभी सात जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर में भी मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अंबिकापुर में सबसे कम 12.5 डिग्री तापमान दर्ज
प्रदेश में रात के समय ठंड का असर बना हुआ है। रविवार को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में सामान्य से अधिक रहा दिन का तापमान
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये दोनों तापमान सामान्य से क्रमशः 1.1 डिग्री और 0.4 डिग्री अधिक रहे।प्रदेश के अन्य शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री, बिलासपुर में 16.7 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 14.8 डिग्री, जगदलपुर में 14.5 डिग्री और दुर्ग में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।