नई दिल्ली | छठ महापर्व का आज चौथा और अंतिम दिन है। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हुआ। सुबह तड़के से ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे थे।
सुबह 4 बजे से घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु
छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सुबह करीब 4 बजे से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। कई व्रतियों ने गंगा और यमुना जैसी प्रमुख नदियों के किनारे बने घाटों पर रात बिताई और सुबह सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
दिल्ली के यमुना घाटों पर जुटे सवा लाख लोग
राजधानी दिल्ली में छठ पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। सूर्योदय के समय यमुना के घाटों पर करीब सवा लाख लोग मौजूद रहे। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया से परिवार की खुशहाली और सुख-शांति की प्रार्थना की।
अमेरिका के वॉशिंगटन में भी मनाया गया छठ पर्व
छठ महापर्व की आस्था देश की सीमाओं से बाहर भी देखने को मिली। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे बने घाट पर पूर्वांचल निवासी ने छठ पूजा की। विदेश में भी पारंपरिक तरीके से पर्व मनाए जाने से भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली।
मोतिहारी सेंट्रल जेल में कैदियों ने की छठ पूजा
बिहार की मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी छठ पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। जेल परिसर में विशेष घाट तैयार किया गया था, जहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने छठ पूजा की। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया।