भोपाल | मध्य प्रदेश में सिंहस्थ महाकुंभ-2028 की तैयारियों को तेज किया जा रहा है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा बलों को प्रशिक्षित करने वाले 250 मास्टर ट्रेनर मध्य प्रदेश आएंगे। ये विशेषज्ञ अगले 15 दिनों में प्रदेश पहुंचकर सभी 8 संभागों के करीब 4 हजार होमगार्ड जवानों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना, भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकना और आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
भीड़ नियंत्रण और भगदड़ रोकने की मिलेगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड जवानों को भारी भीड़ के प्रबंधन और भगदड़ रोकने के उपायों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही सुगम यातायात प्रबंधन और आपात परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की तकनीक भी सिखाई जाएगी।
CPR और आपदा राहत का भी होगा अभ्यास
मास्टर ट्रेनर जवानों को CPR देने, आपदाओं में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाने का प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य जवानों को वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से काम करने के लिए तैयार करना है।
सभी 8 संभागों के 4 हजार जवान होंगे प्रशिक्षित
योजना के तहत प्रदेश के सभी आठ संभागों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 4 हजार होमगार्ड जवान शामिल होंगे। प्रयागराज महाकुंभ में काम कर चुके प्रशिक्षकों का अनुभव सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा तैयारियों में उपयोग किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद होमगार्ड जवानों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपदा राहत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।