वॉशिंगटन | अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था पर तकनीकी गड़बड़ी का असर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को स्थिति और गंभीर हो गई। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने बताया कि उड़ानों का संचालन सोमवार तक सामान्य हो सकेगा। शनिवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार व्यवस्था में आई खराबी के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके बाद से एयरलाइंस परिचालन को पटरी पर लाने में जुटी हुई हैं।
अमेरिका में हजारों उड़ानें रद, लाखों यात्री परेशान
रॉयटर्स के अनुसार, विमानन वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार रात तक अमेरिका में करीब 9,000 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 8,000 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं। रविवार को भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। इस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद हुईं और 7,500 से अधिक उड़ानें प्रभावित रहीं। FAA ने शनिवार को लगभग पांच घंटे तक देशभर में उड़ानों पर रोक लगाई थी। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यातायात पर लगी सबसे लंबी देशव्यापी रोक की घटनाओं में से एक बताई गई। इस संकट के कारण 15 लाख से ज्यादा यात्री अलग-अलग हवाई अड्डों पर फंस गए। रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर के हवाई अड्डों पर एक साथ 69 राउटरों ने काम करना बंद कर दिया था। उस समय करीब 3,500 विमान हवा में थे। न्यूयॉर्क टाइम्स ने एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के हवाले से बताया कि शनिवार को उड़ानें दोबारा शुरू होने के बाद 14 मिनट के भीतर 90 प्रतिशत विमान अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। हालांकि, रद उड़ानों के यात्रियों की परेशानी बनी रही। जॉर्जिया, टेक्सास, फीनिक्स और फिलाडेल्फिया में सबसे ज्यादा दिक्कतें देखने को मिलीं।
पुराने सिस्टम और कंट्रोलरों की कमी ने बढ़ाई परेशानी
अमेरिका का हवाई यातायात तंत्र पहले से ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी और पुरानी तकनीक की चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में राउटर की खराबी ने संकट को और बढ़ा दिया। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, FAA के ठेकेदार एल3हैरिस की ओर से एक दूरस्थ संचार केंद्र में नया राउटर लगाने के दौरान तकनीकी समस्या पैदा हुई। इससे हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों के रडार और संचार तंत्र में अस्थिरता आ गई। राउटर की खराबी के चलते दूसरे केंद्रों पर डेटा का दबाव भी बढ़ गया। डफी ने बताया कि हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक कनेक्शन की कोशिशें हो रही थीं। इससे विमानों के साथ संपर्क बनाए रखने में परेशानी आई। FAA के 22 में से 17 उड़ान नियंत्रण केंद्र इस समस्या से प्रभावित हुए।
डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने रद कीं उड़ानें
तकनीकी संकट का असर प्रमुख एयरलाइंस के परिचालन पर भी पड़ा। डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस ने शनिवार को अपनी करीब 25 प्रतिशत उड़ानें रद कीं, जबकि जेटब्लू ने लगभग 45 प्रतिशत उड़ानें रद कर दीं। एयरलाइंस ने यात्रियों को राहत देने के लिए बिना अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट दोबारा बुक कराने की सुविधा दी है। वहीं FAA ने भविष्य में ऐसी तकनीकी गड़बड़ी दोबारा न हो, इसके लिए अतिरिक्त परीक्षण शुरू किए हैं।
ट्रंप ने मांगे 50 अरब डॉलर, बाइडेन प्रशासन पर साधा निशाना
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने घटना के बाद संसद से हवाई यातायात प्रणाली के व्यापक आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की मांग की। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका दुनिया का सबसे बेहतरीन सिस्टम बनाएगा, जो तेजी और प्रभावी तरीके से 50 साल पुराने सिस्टम की जगह ले सकेगा। ट्रंप ने हवाई यातायात व्यवस्था की बदहाली के लिए पूर्ववर्ती डेमोक्रेटिक सरकार को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, FAA के अनुसार बाइडेन प्रशासन ने हवाई अड्डों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में सुधार के लिए 25 अरब डॉलर जारी किए थे। तकनीकी खराबी के बाद अब अमेरिकी विमानन व्यवस्था को सामान्य करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की चुनौती सामने है।