नई दिल्ली: लोकआस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया। देशभर में छठ घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मुंबई तक छठी मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए छठ को प्रकृति को समर्पित दिव्य उत्सव बताया।
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व
छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने सुबह सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत समाप्त हुआ। देशभर में बनाए गए छठ घाटों पर प्रसाद वितरण किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी सहित विभिन्न जलाशयों और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाएं की गईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी छठ महापर्व के आयोजन में शामिल हुईं।
PM मोदी ने छठ को बताया प्रकृति को समर्पित दिव्य उत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ पूजा के अंतिम दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चार दिवसीय छठ महापर्व का अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ।पीएम मोदी ने इस पर्व को प्रकृति को समर्पित एक दिव्य उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि छठ में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। प्रधानमंत्री ने छठी मैया से देशभर के व्रतधारी श्रद्धालुओं और उनके परिवारों पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
बिहार में नेताओं ने भी की सूर्य उपासना
छठ महापर्व के अवसर पर बिहार में आम श्रद्धालुओं के साथ राजनीतिक हस्तियां भी पूजा-अर्चना करती नजर आईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजधानी पटना में छठ व्रत किया।वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से अलग मुंगेर में छठ महापर्व मनाया। उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। बिहार में विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
छत्तीसगढ़ के CM विष्णु देव साय ने पत्नी के साथ की पूजा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा के अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि वे हर साल अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में लोक आस्था के इस महापर्व में शामिल होने और आशीर्वाद लेने आते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभ अवसर पर सूर्य देव की पूजा करने के साथ सभी का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने विशेष रूप से व्रत रखने वाली माताओं और महिलाओं से आशीर्वाद मांगा।
गोरखपुर से वाराणसी तक छठ की दिखी धूम
उत्तर प्रदेश में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। भाजपा सांसद रवि किशन ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर में सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।उन्होंने छठी मैया के आशीर्वाद को अद्भुत बताते हुए पूजा करने वाली माताओं और बहनों के प्रति खुशी जाहिर की। साथ ही दुनिया भर में छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।दिल्ली में मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बने घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने सूर्य देव की उपासना की।
नेपाल से अमेरिका और दुबई तक छठ की गूंज
छठ महापर्व की लोकप्रियता अब भारत की सीमाओं से बाहर भी लगातार बढ़ रही है। नेपाल की राजधानी काठमांडो से लेकर अमेरिका, लंदन और दुबई तक प्रवासी भारतीयों ने पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा की।नेपाल में बागमती नदी के तट और विभिन्न कृत्रिम घाटों पर हजारों श्रद्धालु जुटे। वहीं दुबई में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों ने पाम जुमेराह के खुले समुद्र तट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने पारंपरिक परिधानों और रीति-रिवाजों के साथ पूजा कर अपनी सांस्कृतिक जड़ों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ाव प्रदर्शित किया।
बंगाल, ओडिशा और मुंबई में भी दिखा उत्साह
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी छठ पूजा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह रहा। मुंबई में अभिनेता सोनू सूद भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच नजर आए।देश के अलग-अलग हिस्सों में छठ घाटों पर पारंपरिक गीतों, पूजा-अर्चना और छठी मैया के जयकारों के साथ महापर्व का समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।