देहरादून | उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस साल श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। 19 अप्रैल से 14 अक्टूबर तक गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में कुल 65 लाख 37 हजार 253 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के आंकड़ों के अनुसार, बद्रीनाथ धाम में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे।
बद्रीनाथ धाम में 23 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष अब तक 23 लाख 21 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को भी 17 हजार 532 लोगों ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा संपन्न हो जाएगी।
केदारनाथ में 19.33 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ धाम में 22 अप्रैल से 11 नवंबर के बीच 19 लाख 33 हजार 138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। वर्ष 2023 के बाद यह केदारनाथ में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की दूसरी सबसे बड़ी संख्या बताई गई है। इस साल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण रही है। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में उमड़ी भीड़ ने यात्रा के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह को दर्शाया है।