इंदौर | मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में सोमवार से नया न्यायिक रोस्टर लागू हो गया है। चीफ जस्टिस के आदेश के अनुसार न्यायिक कार्य आवंटन में बदलाव करते हुए नई डिवीजन बेंच का गठन किया गया है। अब न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी डबल बेंच में मामलों की सुनवाई करेंगे। प्रधान रजिस्ट्रार (न्यायिक) समीर कुलश्रेष्ठ की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इससे पहले न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर के साथ न्यायमूर्ति जय कुमार पिल्लई डिवीजन बेंच में सुनवाई कर रहे थे। हाल ही में न्यायमूर्ति पिल्लई का इंदौर से तबादला होने के बाद यह बदलाव किया गया है।
नई डिवीजन बेंच में इन मामलों की होगी सुनवाई
नए रोस्टर के तहत न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की डबल बेंच में निम्नलिखित मामलों की सुनवाई होगी:
- रिट अपील
- जनहित याचिकाएं
- ग्रीन बेंच से जुड़े मामले
- व्यापमं घोटाले से संबंधित मामले
- राष्ट्रीय राजमार्ग और निविदाओं से जुड़े प्रकरण
- खनन मामले
- आपराधिक अवमानना के मामले
सिंगल बेंच में न्यायाधीशों को मिली ये जिम्मेदारियां
- नए रोस्टर में सिंगल बेंच के लिए भी न्यायिक कार्यों का अलग-अलग आवंटन किया गया है।
- न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट: गैर-सेवा रिट याचिकाएं, कर संबंधी मामले और सिविल अवमानना के प्रकरण सुनेंगे।
- न्यायमूर्ति विनय सराफ: जमानत याचिकाएं, सेवा संबंधी रिट याचिकाएं, कंपनी और मध्यस्थता से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगे।
- न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार वाणी: प्रथम अपील, द्वितीय अपील और सिविल पुनरीक्षण याचिकाओं की सुनवाई करेंगे।
- न्यायमूर्ति गजेंद्र सिंह: जमानत, अन्य एमसीआरसी और आपराधिक याचिकाओं पर सुनवाई करेंगे।
- न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी: आपराधिक अपील और क्रिमिनल रिवीजन याचिकाओं की सुनवाई करेंगे।
प्रतिदिन अधिकतम 200 मेंशन मेमो होंगे स्वीकार
अधिसूचना में अति-आवश्यक मामलों की सुनवाई के लिए मेंशन मेमो की संख्या भी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार प्रतिदिन अधिकतम 200 प्रिंटेड मेंशन मेमो ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा वकीलों और पक्षकारों के लिए हाइब्रिड और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। नए रोस्टर के लागू होने से इंदौर खंडपीठ में मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों का आवंटन नए तरीके से होगा।