भोपाल | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छठ महापर्व को पूरे देश के लिए उत्सव और उमंग का अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव की उपासना और लोक आस्था का यह पर्व पवित्रता, संयम, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। छठ महापर्व लोगों को प्रकृति से जुड़ने और सूर्यनारायण भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।
36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं माताएं-बहनें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माताएं और बहनें अपने पति की लंबी आयु, बच्चों के सुख, परिवार की समृद्धि और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। उन्होंने कहा कि यह व्रत त्याग और तपस्या का प्रतीक है। इसमें संपूर्ण प्रकृति की पूजा की जाती है और यह पूरे देश के लिए प्रेरणा का अवसर है।
पूर्वी भारत का पर्व अब पूरे देश में मनाया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पूर्वी भाग में मनाया जाने वाला छठ महापर्व अब पूरे देश के लिए उत्सव और उमंग का अवसर बन गया है। लोग परिवार की सुख-समृद्धि और परमात्मा के आशीर्वाद की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक छठी मैया का पर्व मना रहे हैं।
प्रकृति और सूर्यदेव से जुड़ने का अवसर है छठ
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छठ महापर्व अद्भुत श्रद्धा, आस्था और मन के विश्वास का पर्व है। यह हमें प्रकृति के साथ जुड़ने और ऊर्जा के अनंत स्रोत सूर्यनारायण भगवान को नमन करने का अवसर देता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, छठ महापर्व की परंपराएं समाज में अनुशासन, समर्पण, त्याग और पारिवारिक सुख-समृद्धि की भावना को मजबूत करती हैं।