भोपाल | मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब नई पीढ़ी के नेताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक युवा नेताओं की अहम भूमिका रहने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अब सक्रिय राजनीति से दूर नजर आ रहे हैं, जबकि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि अगला विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इसी बीच कमल नाथ के बेटे और पूर्व सांसद नकुल नाथ ने शनिवार को भोपाल में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
युवा नेताओं पर कांग्रेस का फोकस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि पार्टी के पास युवा नेताओं की बड़ी टीम है, जो भाजपा का मुकाबला करने के लिए तैयार है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिली करारी हार के बाद कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद शुरू की थी। पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्र स्तर तक नई टीम तैयार करने का दावा किया गया है। संगठन विस्तार के जरिए युवाओं को जिम्मेदारी देने पर जोर दिया जा रहा है।
राजनीतिक विरासत संभाल रहे नई पीढ़ी के नेता
मध्य प्रदेश कांग्रेस में कई ऐसे युवा नेता सक्रिय हैं, जो राजनीतिक परिवारों से आते हैं और अब अपनी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के बेटे डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुभाष यादव के बेटे अरुण यादव और सचिन यादव शामिल हैं। इसके अलावा कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत, रजनीश सिंह और हेमंत कटारे जैसे नेता भी पार्टी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
केंद्रीय संगठन ने युवा नेताओं को दिए दायित्व
कांग्रेस के केंद्रीय संगठन ने ओबीसी और आदिवासी समितियों में युवा नेताओं को शामिल कर संगठन में उनकी भूमिका बढ़ाने के संकेत दिए हैं। विक्रांत भूरिया, अरुण यादव, सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, कुणाल चौधरी, भूपेंद्र मरावी और हिना कांवरे को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी की इस रणनीति से संकेत मिलते हैं कि आगामी चुनावों में इन नेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
कमल नाथ ने भी युवा नेताओं को दिया था मौका
वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ ने युवा नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी थी। उस समय 16 ऐसे नेताओं को सीधे कैबिनेट मंत्री बनाया गया था, जिन्होंने दूसरी बार चुनाव जीता था। इनमें जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत और ओमकार सिंह मरकाम जैसे नेता शामिल थे। अब यही पीढ़ी प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में अहम जिम्मेदारियां निभा रही है।