नई दिल्ली - अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब खिलाड़ियों और टीमों को कुछ नए नियमों के मुताबिक खेलना होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल के लिए अपनी Playing Conditions में कई बदलाव किए हैं। नए नियम उन सभी अंतरराष्ट्रीय सीरीज पर लागू होंगे, जो 1 अक्टूबर 2026 या उसके बाद शुरू होंगी। जो सीरीज पहले से चल रही हैं, उनमें पुराने नियम ही लागू रहेंगे।
दिन के टेस्ट में भी इस्तेमाल हो सकेगी पिंक बॉल
टेस्ट क्रिकेट में रोशनी कम होने के कारण खेल के ओवर कम होने की समस्या से निपटने के लिए ICC ने दिन में खेले जाने वाले टेस्ट में पिंक बॉल के इस्तेमाल का ट्रायल मंजूर किया है। हालांकि, इसके लिए मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों की सहमति जरूरी होगी। एक बार पिंक बॉल से खेलने का फैसला हो जाने के बाद मैच के दौरान इसे बदला नहीं जा सकेगा।
इसके अलावा दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरने के बाद भी खेल अपने आप खत्म नहीं होगा। अगर ओवर पूरा नहीं हुआ है और मौसम व परिस्थितियां खेलने के अनुकूल हैं, तो बची हुई गेंदें उसी दिन कराई जा सकती हैं।
बल्लेबाजों के लिए टाइम वेस्टिंग पर सख्ती
नए नियमों में बल्लेबाज के समय बर्बाद करने पर कार्रवाई का प्रावधान और स्पष्ट किया गया है। पहली बार गलती पर चेतावनी मिलेगी, दूसरी बार अंतिम चेतावनी दी जाएगी और तीसरी तथा उसके बाद की हर ऐसी गलती पर फील्डिंग टीम को पांच-पांच पेनल्टी रन मिलेंगे। लगातार उल्लंघन की स्थिति में Code of Conduct के तहत भी कार्रवाई हो सकती है।
महिलाओं के लिए अलग गेंदों की स्पेसिफिकेशन
महिला और जूनियर क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंदों को लेकर भी बदलाव किया गया है। अब पुरुष, महिला और जूनियर क्रिकेट के लिए गेंद के आकार और वजन की अलग-अलग निर्धारित सीमाएं होंगी। इससे महिला क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंदों के मानकों को अधिक स्पष्ट किया गया है।
ओवरथ्रो और रन आउट के नियम हुए स्पष्ट
ICC ने ओवरथ्रो की परिभाषा भी स्पष्ट की है। किसी गेंद को स्टंप की दिशा में रन रोकने या रन आउट करने के प्रयास में फेंका जाता है, तभी उसे ओवरथ्रो माना जाएगा। सामान्य मिसफील्ड या गेंद को दूसरे फील्डर की ओर पास करना ओवरथ्रो की श्रेणी में नहीं आएगा। रन आउट या स्टंपिंग के दौरान फील्डर के पास गेंद पर पूरा नियंत्रण होना भी जरूरी होगा। केवल हाथ से गेंद को छूते हुए स्टंप गिरा देना पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
T20 में इंटरवल और कोच के लिए नया प्रावधान
टी20 इंटरनेशनल में पारी के बीच 15 मिनट का तय अंतराल रहेगा। अगर मैच में समय की भरपाई करनी हो तो इसे कम से कम 10 मिनट तक किया जा सकता है। वहीं वनडे और टी20 में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मुख्य कोच या उनके द्वारा नामित व्यक्ति मैदान पर खिलाड़ियों से बात करने के लिए जा सकता है।