17 वर्षीय भारतीय तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद ने 2026 एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया। उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को शूट-ऑफ में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पांच सेट के बाद मुकाबला 5-5 से बराबर था, जिसके बाद निर्णायक शूट-ऑफ हुआ। इसमें कुमकुम ने परफेक्ट 10 अंक लगाए, जबकि ओह येजिन का तीर 8 अंक पर लगा।
इस जीत के साथ कुमकुम एशियन गेम्स की महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इसके अलावा उन्होंने इस एशियन गेम्स में अपना तीसरा पदक जीता है।
शुरुआत में पिछड़ गई थीं कुमकुम
फाइनल मुकाबले की शुरुआत कुमकुम के लिए आसान नहीं रही। पहले सेट में ओह येजिन ने 29-27 से जीत दर्ज की और 2-0 की बढ़त बना ली।दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 29-29 का स्कोर किया। इसके बाद ओह येजिन के पास 3-1 की बढ़त थी। कुमकुम को मुकाबले में वापसी के लिए अगले सेट में बेहतर प्रदर्शन करना था।
तीसरे सेट में तीन परफेक्ट-10 से वापसी
तीसरे सेट में कुमकुम ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार तीनों तीर 10 अंक वाले निशाने पर लगाए और कुल 30 अंक हासिल किए। ओह येजिन 29 अंक ही बना सकीं।इससे कुमकुम ने सेट जीतकर मुकाबले को 3-3 से बराबरी पर ला दिया।
चौथे सेट में फिर पिछड़ीं
चौथे सेट में कुमकुम को एक और झटका लगा। ओह येजिन ने 28 अंक बनाए, जबकि कुमकुम 27 अंक ही हासिल कर सकीं। इसके साथ दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने सेट स्कोर में 5-3 की बढ़त बना ली।अब कुमकुम के सामने मुकाबला बचाने की चुनौती थी।
पांचवें सेट में फिर तीन 10, मैच पहुंचा शूट-ऑफ में
पांचवें और निर्णायक सेट में कुमकुम ने एक बार फिर शानदार निशानेबाजी की। उन्होंने लगातार तीन परफेक्ट-10 लगाकर 30 अंक बनाए।इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने सेट अपने नाम किया और मुकाबला 5-5 की बराबरी पर पहुंच गया। इसके बाद गोल्ड मेडल का फैसला शूट-ऑफ से होना था।
शूट-ऑफ में कुमकुम का परफेक्ट 10
शूट-ऑफ में ओह येजिन का तीर 8 अंक वाले निशाने पर लगा। इसके जवाब में कुमकुम ने बिल्कुल केंद्र में निशाना साधते हुए 10 अंक हासिल किए।इस परफेक्ट 10 के साथ उन्होंने फाइनल जीत लिया और व्यक्तिगत रिकर्व में भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल हासिल किया।
एशियन गेम्स में कुमकुम का तीसरा पदक
कुमकुम मोहोद का यह 2026 एशियन गेम्स में तीसरा पदक है। उन्होंने इससे पहले महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में गोल्ड और मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सिल्वर जीता था। इस तरह उनके खाते में अब कुल दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हो गए हैं।महिला रिकर्व टीम में कुमकुम के साथ अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा शामिल थीं। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर इस स्पर्धा में भारत को पहला एशियन गेम्स गोल्ड दिलाया था।
भारत के पास 77 मेडल
एशियन गेम्स के मौजूदा संस्करण में भारत ने अब तक 17 गोल्ड सहित 77 मेडल जीत लिए हैं. पदक तालिका में भारत अभी पांचवें स्थान पर है. सूची में उज्बेकिस्तान, भारत से ऊपर है जिसके 20 गोल्ड मेडल हैं.
317 मेडल (162 गोल्ड) - चीन
240 मेडल (72 गोल्ड) - जापान
135 मेडल (33 गोल्ड) - द कोरिया
65 मेडल (20 गोल्ड) - उज्बेकिस्तान)
77 मेडल (17 गोल्ड) - भारत