भोपाल | दिवाली की खरीदारी के लिए भोपाल के बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस और नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। 4 से 9 नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। पुराने भोपाल, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ में पार्किंग और वाहनों की आवाजाही के लिए अलग व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पटाखा बाजारों में आग से बचाव के लिए दमकल तैनात रहेंगी। दिवाली की रात नगर निगम के 400 से ज्यादा कर्मचारी डबल शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे।
4 से 9 नवंबर तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
दिवाली के दौरान बाजारों में भीड़ और जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष प्लान बनाया है। पुराने भोपाल के जुमेराती, छोटे भैया चौराहा, घोड़ा नक्कास, हनुमानगंज और आजाद मार्केट में जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। चौक बाजार में भी भीड़ के हिसाब से ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
पुराने शहर में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए पांच पार्किंग स्थल तय किए गए हैं:
- बाल विहार ग्राउंड
- मोती मस्जिद के सामने मल्टीलेवल पार्किंग
- कोतवाली थाने के पास
- भवानी चौक
- सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान
10 नंबर मार्केट और न्यू मार्केट में ट्रैफिक के नियम
10 नंबर मार्केट में 4 से 9 नवंबर तक जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। वाहन वंदे मातरम चौराहे से बाजार में प्रवेश कर मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। वहीं, नेशनल अस्पताल से 10 नंबर मार्केट की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। न्यू मार्केट जाने वाले लोग टीटी नगर थाना चौराहे के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे। यहां भीड़ बढ़ने पर रंगमहल चौराहे और टीटी क्रॉस तिराहे से आने वाले वाहनों को मटका चौराहा और स्पोर्ट मार्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पटाखा बाजारों में तैनात रहेंगी दमकल
आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम का फायर अमला अलर्ट रहेगा। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के मुताबिक, हर पटाखा बाजार में एक दमकल तैनात की जाएगी। इसके अलावा शहर में दमकल वाहन और पानी के टैंकर भी तैयार रखे जाएंगे। पुराने भोपाल की संकरी गलियों को देखते हुए छोटे फायर वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर दमकल की टीम जल्द मौके पर पहुंच सके।
दिवाली की रात 400 से ज्यादा कर्मचारी करेंगे डबल शिफ्ट
दिवाली की रात नगर निगम के 400 से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी डबल शिफ्ट में लगाई गई है। फायर स्टेशनों पर दमकल वाहन और पानी के टैंकर तैयार रहेंगे। निगम लोगों से सावधानी के साथ पटाखे चलाने की अपील कर रहा है। इसके लिए बाजारों में जागरूकता पर्चे भी बांटे जा रहे हैं।
दुकानदारों और ग्राहकों के लिए जरूरी निर्देश
यातायात पुलिस ने दुकानदारों से सामान की लोडिंग और अनलोडिंग रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच करने की अपील की है। इससे दिन के समय बाजारों में वाहनों की भीड़ कम रखने में मदद मिलेगी। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और संभव हो तो सार्वजनिक यात्री वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इससे जाम कम होगा और दमकल व एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिल सकेगा।