उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुजरात से गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। कार में कुल 7 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गंगनानी के पास नदी में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार तड़के गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास हुआ। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर यात्रियों से भरी कार अचानक अनियंत्रित हो गई।इसके बाद कार गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गुजरात के रहने वाले थे कार सवार यात्री
बताया जा रहा है कि कार में कुल 7 लोग सवार थे और सभी यात्री गुजरात के रहने वाले थे। वे गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस और SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF और 108 एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।नदी में गिरी कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों की मदद ली जा रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।कार में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से दुर्घटना की जांच की जा रही है।