भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 24 नवंबर से प्रस्तावित पांच दिवसीय सिंगापुर और दक्षिण कोरिया का विदेश दौरा स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर चर्चा करने का कार्यक्रम था।
24 नवंबर से प्रस्तावित था पांच दिवसीय विदेश दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 नवंबर से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के पांच दिवसीय दौरे पर जाने वाले थे। इसके लिए उन्हें 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली रवाना होना था। विदेश यात्रा के दौरान निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद कर प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जानी थी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के लिहाज से अहम था दौरा
मुख्यमंत्री का यह विदेश दौरा फरवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के निवेशकों से संवाद के जरिए मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसर तलाशने की योजना थी।
विधानसभा सत्र की तैयारियों के चलते लिया फैसला
प्रदेश में 7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र प्रस्तावित है। सत्र की तैयारियों और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नवंबर के अंत में प्रस्तावित विदेश यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया है।