भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी ने उनके फैसले पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संन्यास नहीं, बल्कि जनता की नाराजगी का परिणाम है। वहीं दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब उनका फोकस राजनीति नहीं, बल्कि धर्म रक्षा के कार्य पर रहेगा।
दिग्विजय सिंह बोले- अब मेरा काम धर्म रक्षा है
दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि वह अब सक्रिय राजनीति में भूमिका नहीं निभाएंगे। उन्होंने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारियां दीं, उन्हें उन्होंने पूरा किया है। अब जीवन के शेष समय में वह धर्म रक्षा के कार्य पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सनातन धर्म को भी समझते हैं और भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को भी समझते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन्हें पांच बार विधायक, दो बार लोकसभा सांसद और दो बार राज्यसभा सदस्य बनने का अवसर दिया, इसलिए अब वह चाहते हैं कि नए लोगों को मौका मिले।
बीजेपी का पलटवार- जनता ने राजनीति छोड़ने पर मजबूर किया
दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने राजनीति नहीं छोड़ी, बल्कि मध्य प्रदेश की जनता ने उन्हें राजनीति छोड़ने के लिए मजबूर किया। आशीष अग्रवाल ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह के जनविरोधी और अलोकप्रिय रवैये के कारण जनता ने उनके 10 साल के शासन के बाद कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ने के दौरान भी जनता ने उन्हें नकार दिया।
बीजेपी का दावा- दिग्विजय सिंह का जनाधार खत्म
बीजेपी ने दावा किया कि दिग्विजय सिंह की घटती राजनीतिक स्वीकार्यता के कारण कांग्रेस नेतृत्व ने भी उन पर भरोसा कम किया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि अब दिग्विजय सिंह का उद्देश्य अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करना रह गया है और इसके लिए वह कांग्रेस के दूसरे नेताओं की संभावनाओं को कमजोर कर रहे हैं।
धर्म यात्रा और बयानों पर भी बीजेपी ने उठाए सवाल
बीजेपी ने कहा कि यात्रा निकालना उनका अधिकार है, लेकिन धर्म की बात करने से पहले उन्हें अपने पुराने बयानों पर आत्ममंथन करना चाहिए। बीजेपी ने आरोप लगाया कि जनता उनके राजनीतिक रिकॉर्ड और बयानों को अच्छी तरह जानती है।