भोपाल। राजधानी में खेले गए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने चौथी बार खिताब अपने नाम किया और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी बनाया। भारत की जीत में दीपिका ने दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागा।
चीन ने पहले गोल कर बनाई बढ़त, भारत ने की शानदार वापसी
भोपाल के नाथूखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को भारत और चीन के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। मैच की शुरुआत में चीन ने भारतीय टीम पर दबाव बनाया। चीन की चेन युजुन ने 24 मिनट 55 सेकेंड में गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी। तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकेंड में गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इसके करीब सवा तीन मिनट बाद इशिका ने 41 मिनट 15 सेकेंड में गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके तुरंत बाद 42 मिनट 25 सेकेंड में दीपिका ने अपना दूसरा गोल किया। इस तरह भारत ने चीन पर 3-1 की मजबूत बढ़त बना ली।
भारत ने सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का बनाया रिकॉर्ड
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत ने चौथी बार खिताब जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले भारत और दक्षिण कोरिया तीन-तीन बार चैंपियन बने थे। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी। अब 2026 में चौथी बार चैंपियन बनकर भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गई है।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। टीम एक भी मुकाबला नहीं हारी। लीग स्टेज में भारत ने मलेशिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में दीपिका ने दो गोल किए थे। उनके अलावा मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और इशिका ने एक-एक गोल किया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
पेनल्टी कॉर्नर में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं
भारत और चीन के बीच फाइनल मुकाबले में पेनल्टी कॉर्नर को लेकर भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैच के दौरान दोनों टीमों को 6-6 पेनल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि, गोल करने के मामले में भारतीय टीम चीन से आगे रही। दीपिका और इशिका के शानदार गोल की बदौलत भारत ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया।
दर्शकों से खचाखच भरा रहा स्टेडियम, बाहर भी दिखा उत्साह
फाइनल मुकाबले को लेकर भोपाल में हॉकी प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। कई दर्शक दोपहर 2 बजे से ही भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने पहुंच गए थे। जिन लोगों को स्टेडियम के अंदर जगह नहीं मिली, वे बाहर से ही टीम इंडिया को चीयर करते नजर आए। भारत के हर गोल पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और जश्न मनाया। स्टेडियम में गानों पर झूमते दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक रहा।
भारतीय टीम को मिली बधाइयां
भोपाल में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम को बधाइयां मिलने लगीं। टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा गया कि खिलाड़ियों के शानदार तालमेल, मेहनत और जीत के संकल्प ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि भोपाल की धरती पर भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास...‘महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के फाइनल मुकाबले में चीन को पराजित कर खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। टीम के कुशल तालमेल, लगन और जीत के संकल्प से बेटियों ने आज पूरे देश को गौरवान्वित किया है। शाबाश टीम इंडिया!