नई दिल्ली। बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदेश को बाल विवाह रोकने के प्रयासों और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान झाबुआ की 17 वर्षीय हीमा निनामा की कहानी ने भी सबका ध्यान खींचा। हीमा ने परिवार की ओर से तय किए गए बाल विवाह का विरोध कर अपनी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया था। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राष्ट्रीय मंच से हीमा के साहस की सराहना की। खास बात यह है कि पूर्व इंग्लिश फुटबॉल कप्तान डेविड बेकहम भी हीमा की कहानी की तारीफ कर चुके हैं।
विज्ञान भवन में मध्यप्रदेश के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने और बाल विवाह, बाल्यावस्था तथा जबरन विवाह के उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। इस आयोजन में बाल विवाह रोकने के लिए मध्यप्रदेश के प्रयासों को उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश की ओर से बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी ने सम्मान ग्रहण किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के 25 बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। यह सम्मान प्रदेश में सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को मिली राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
17 साल की हीमा ने खुद रुकवाया अपना बाल विवाह
इस राष्ट्रीय उपलब्धि के बीच झाबुआ की 17 वर्षीय हीमा निनामा की कहानी विशेष चर्चा में रही। हीमा जब कक्षा 11वीं में पढ़ रही थी, तब परिवार ने उसकी शादी तय कर दी थी। लेकिन उसने कम उम्र में शादी करने के बजाय अपनी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया। हीमा ने अपने स्कूल के शिक्षकों से मदद मांगी। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने परिवार को समझाया। उन्हें बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बेटी की शिक्षा और बेहतर भविष्य के महत्व को भी बताया गया। हीमा के दृढ़ निश्चय और शिक्षकों की समझाइश के बाद परिवार शादी रोकने के लिए तैयार हो गया। हीमा ने 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की और अब वह 12वीं कक्षा में पढ़ रही है। उसका सपना शिक्षक बनने का है। वह आगे चलकर दूसरी बेटियों को भी शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना चाहती है।
डेविड बेकहम भी कर चुके हैं हीमा के साहस की तारीफ
हीमा निनामा की कहानी अब देश ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुकी है। पूर्व इंग्लिश फुटबॉल कप्तान और यूनिसेफ के सद्भावना दूत डेविड बेकहम ने 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर हीमा की कहानी साझा की थी। बेकहम ने कम उम्र में शादी के खिलाफ आवाज उठाने और शिक्षा जारी रखने के उसके फैसले की सराहना की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सही सहयोग और अवसर मिलने पर बेटियां अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले खुद ले सकती हैं। यूनिसेफ इंडिया ने भी हीमा की कहानी को दर्ज किया है। ऐसे में झाबुआ की इस बेटी का साहस बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की एक प्रेरक मिसाल बन गया है।
सीएम डॉ.मोहन यादव सरकार के नेतृत्व में चल रहा विशेष अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में बाल विवाह रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सरकार का जोर केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर भी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों के माध्यम से शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। गांवों और शहरी क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। स्कूलों, स्थानीय संस्थाओं और सरकारी विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर संभावित बाल विवाह को समय रहते रोकने की कोशिश की जा रही है।
21 दिसंबर तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत मध्यप्रदेश में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का प्रशिक्षण, जनजागरूकता गतिविधियां, स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाल विवाह की घटनाओं को रोकने के साथ समाज में ऐसी सोच विकसित करना है, जहां बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और अपने भविष्य के फैसले लेने के अधिकार को प्राथमिकता मिले।
दो साल में 12 करोड़ लोगों तक पहुंचा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान
केंद्र सरकार ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य सरकारी विभागों और समाज की सामूहिक भागीदारी से देश को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से मुक्त बनाना है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, अभियान के दो वर्षों में जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए 12 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है। वहीं, 42 लाख से अधिक लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ संकल्प लिया है। देशभर में 72 हजार से अधिक बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का विवरण भी अभियान के पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है।
बाल विवाह रोकने के लिए कानून और हेल्पलाइन की सुविधा
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह रोकने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। इसके अलावा बाल विवाह की सूचना देने और बच्चों को समय पर मदद उपलब्ध कराने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सुविधा भी दी गई है। हीमा निनामा की कहानी बताती है कि अगर बेटियों को परिवार, शिक्षकों और प्रशासन का सहयोग मिले तो वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकती हैं। बाल विवाह के खिलाफ यह लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने से भी मजबूत होगी।