मध्यप्रदेश में राज्यसभा की 3 खाली सीटों के लिए उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी कर दी गई है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी सूची में भाजपा के प्रत्याशियों तरुण चुग, महेश केवट और रजनीश अग्रवाल के नाम शामिल हैं।वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले 9 जून को उनका नामांकन रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद विवाद गहराता जा रहा है।
दिल्ली में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की चुनाव आयोग से मुलाकात
नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली में निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि नामांकन रद्द करने का निर्णय गलत है और जिस आधार पर यह कार्रवाई की गई है, उसका कानून में कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि संबंधित मामले में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है और कोर्ट द्वारा केवल एक नोटिस जारी किया गया था, जिसमें आगे की सुनवाई को लेकर सवाल पूछा गया था। कांग्रेस का कहना है कि उम्मीदवार पर ऐसा कोई मामला नहीं बनता था, जिसकी जानकारी देना अनिवार्य होता।प्रतिनिधिमंडल में केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, भूपेश बघेल और विवेक तन्खा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
चुनाव आयोग के फैसले का इंतजार, सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव आयोग ने मामले पर दो घंटे में निर्णय देने का आश्वासन दिया था, लेकिन देर रात तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार आयोग ने कांग्रेस की शिकायत को खारिज कर दिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर कांग्रेस अब रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि यदि जरूरत पड़ी तो आयोग के निर्णय में देरी को भी अदालत में उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस का विरोध तेज
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी को अब तक चुनाव आयोग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाला मामला बताया।
कांग्रेस ने विरोध को तेज करते हुए राज्यभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और शुक्रवार को सभी कांग्रेस विधायक दिल्ली जाकर राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे, राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मामला और अधिक गर्माने की संभावना है।