भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में रामराज लाने के लिए प्रयासरत हैं। भगवान श्री राम की तरह उन्होंने शत्रु को उसके घर में घुसकर मारने का शौर्य भी दिखाया है। जनकल्याणकारी नीतियों से प्रधानमंत्री मोदी सुशासन और विकास अर्थात रामराज स्थापना का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयदशमी पर सलैया क्षेत्र में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
भगवान श्रीराम के आदर्श को अपना रहे हैं PM मोदी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज राष्ट्रवासियों ने देखा है कि न्यायालय के निर्णय का किस तरह सम्मान होता है। अयोध्या में भगवान श्री राम का धाम तो विकसित हो गया। अब भगवान श्री कृष्ण का धाम विकसित हो इसके लिए समस्त राष्ट्रवासी उम्मीद भरी नजरों से इस कार्य की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समस्त नागरिकों को दशहरे की बधाई दी। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया गया।
सलैया के नागरिकों को मिलेगी नई सड़क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सलैया क्षेत्र में 11 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित की जाने वाली सलैया गुराडी सड़क के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन की सुविधा होगी। दो किलोमीटर से अधिक दूरी की इस सड़क का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।