भोपाल: मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह रविवार (1 नवंबर) को धूमधाम से मनाया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले राज्यस्तरीय आयोजन का मुख्य समारोह शाम 6:30 बजे भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। समारोह में बॉलीवुड की मशहूर पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा 102 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जबकि 165 किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर देकर सम्मानित किया जाएगा।
आम लोगों को बिना पास मिलेगी एंट्री
स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में आम नागरिक बिना किसी प्रवेश पत्र या पास के शामिल हो सकेंगे। इसके लिए किसी तरह के रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी।वहीं, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अलग से स्टूडेंट ब्लॉक बनाया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए अपने संस्थान का आईडी कार्ड दिखाना होगा।
मोनाली ठाकुर के गीतों से सजेगी पहली शाम
स्थापना दिवस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका मोनाली ठाकुर की लाइव प्रस्तुति होगी।वे मुंबई से आए साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी। मोनाली ठाकुर बॉलीवुड के लोकप्रिय गानों 'सवार लूं' और 'मोह मोह के धागे' के लिए जानी जाती हैं।
71 बच्चे गाएंगे 'वंदे मातरम्'
सांस्कृतिक कार्यक्रम में 71 बच्चे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन करेंगे।इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड की ओर से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह का समापन भव्य आतिशबाजी के साथ होगा।
102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी एक-एक लाख की छात्रवृत्ति
स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे।इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा।श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की इस योजना के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से विद्यार्थियों का चयन किया गया है।जिलेवार चयन में खंडवा सबसे आगे है, जहां से 6 विद्यार्थियों को चुना गया है। वहीं अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से 4-4 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
165 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर
स्थापना दिवस समारोह में किसानों के लिए भी खास आयोजन होगा। मुख्यमंत्री 'किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज' के 165 विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था।
चयनित किसानों को ये पुरस्कार दिए जाएंगे
55 ट्रैक्टर – किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहन।
55 बुलेट मोटरसाइकिल – प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार।
55 ई-स्कूटर – चयनित किसानों को सम्मान।
हर जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कार देंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।
तीन दिन तक चलेगा स्थापना दिवस समारोह
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में तीन दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।