रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रविवार (1 नवंबर) को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में भी हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
जशपुर में सबसे ज्यादा 70 MM बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जशपुर जिले के मनोरा में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50-50 मिलीमीटर बारिश हुई।प्रदेश में तापमान की स्थिति की बात करें तो जगदलपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में बादल, 30 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक
अधिकतम तापमान: 30 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 21 डिग्री सेल्सियस
मौसम: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे
संभावना: गरज-चमक के साथ हल्की बारिश
शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
अगले 2 दिन में 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।हालांकि, इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।