मध्यप्रदेश की नगरीय निकायों में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 756 एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी दूसरी सूची के अनुसार प्रदेश की 46 नगर पालिकाओं में कुल 276 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। वहीं 120 नगर परिषदों में 480 मनोनीत पार्षदों को एल्डरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक नगर परिषद में चार-चार एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।
प्रदेश के 24 जिलों की नगरीय निकायों में हुई नियुक्तियां
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों की नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। इनमें सागर, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले शामिल हैं।
मार्च में भी जारी हुई थी पहली सूची
इससे पहले करीब चार महीने पूर्व नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश की 169 नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में 768 एल्डरमैन नियुक्त किए थे। इसके लिए विभाग ने 28 मार्च 2026 को आदेश जारी किया था। अब दूसरी सूची जारी होने के बाद विभिन्न नगरीय निकायों में मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की प्रक्रिया को और विस्तार दिया गया है।