भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार को कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और संस्था प्रमुख राज्य शिक्षा केंद्र के परीक्षा पोर्टल पर अपना परिणाम देख सकते हैं। पुन: परीक्षा में कक्षा 5वीं के 80.42 प्रतिशत और कक्षा 8वीं के 74.16 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं मुख्य वार्षिक परीक्षा और पुन: परीक्षा के संयुक्त परिणाम के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.89 प्रतिशत तथा कक्षा 8वीं का 98.19 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
रोल नंबर से ऑनलाइन देख सकते हैं रिजल्ट
राज्य शिक्षा केंद्र के अपर संचालक ने बताया कि विद्यार्थी और अभिभावक परीक्षा पोर्टल पर अपना रोल नंबर दर्ज कर ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं। वहीं शिक्षक और संस्था प्रमुख भी इसी पोर्टल के माध्यम से अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
16 से 23 जून के बीच आयोजित हुई थी पुन: परीक्षा
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा का आयोजन 16 जून से 23 जून के बीच किया गया था। इसमें प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 71,548 तथा कक्षा 8वीं के 76,274 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
322 मूल्यांकन केंद्रों पर हुई उत्तर पुस्तिकाओं की जांच
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। करीब 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए।
कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम
शासकीय विद्यालयों के 46,665 विद्यार्थियों में से 36,217 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
पंजीकृत मदरसों के 581 विद्यार्थियों में से 352 विद्यार्थी सफल रहे।
अशासकीय विद्यालयों के 24,302 विद्यार्थियों में से 20,971 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम
शासकीय विद्यालयों के 56,738 विद्यार्थियों में से 40,315 विद्यार्थी सफल हुए।
पंजीकृत मदरसों के 423 विद्यार्थियों में से 268 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
अशासकीय विद्यालयों के 19,113 विद्यार्थियों में से 15,978 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की।
मुख्य और पुन: परीक्षा मिलाकर 98% से अधिक रहा कुल परिणाम
राज्य शिक्षा केंद्र के अनुसार, मुख्य वार्षिक परीक्षा और पुन: परीक्षा के संयुक्त परिणाम के बाद कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.89 प्रतिशत और कक्षा 8वीं का 98.19 प्रतिशत रहा। विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और संस्था प्रमुख परीक्षा पोर्टल पर विद्यालयवार एवं विद्यार्थीवार परिणाम भी ऑनलाइन देख सकते हैं।