मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने सब इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। घोषित परिणाम के अनुसार 500 रिक्त पदों में से 436 पदों पर ही अभ्यर्थियों का चयन हो सका है। महिला एवं अन्य आरक्षित वर्गों में पर्याप्त पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण शेष पद रिक्त रह गए।परीक्षा में ओबीसी वर्ग के संजय परमार ने 595.98 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं टॉप-10 मेरिट सूची में ओबीसी वर्ग के पांच अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है।
संजय परमार रहे टॉपर
रैंक अभ्यर्थी का नाम अंतिम अंक श्रेणी
1 संजय परमार 595.980311 ओबीसी
2 मनीष पटेल 585.376832 ओबीसी
3 शिवशंकर दुबे 573.126374 ईडब्ल्यूएस
4 सिद्धार्थ सिंह सोलंकी 571.626374 अनारक्षित
5 दीपक सिंह गंगार 571.163920 ओबीसी
6 निखिल जैन 569.001832 अनारक्षित
7 वंदना पाटीदार 568.830586 ओबीसी
8 शुभम राठौर 566.144231 ओबीसी
9 लोकेन्द्र खुंचवंशी 564.703425 ईडब्ल्यूएस
10 सूरज सिंह 563.012821 ईडब्ल्यूएस
1,692 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था अगले चरण के लिए
कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार लिखित परीक्षा के बाद कुल 5,113 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए पात्र पाए गए थे। इनमें रिक्त पदों के तीन गुना यानी 1,692 उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा, पीईटी और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई।
500 में से 436 पदों पर हुआ चयन
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 500 पदों में से 436 पदों पर ही चयन हो पाया। महिला एवं अन्य आरक्षित वर्गों में पर्याप्त योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण कई पद खाली रह गए। मंडल ने नियमानुसार कुछ रिक्त पदों का वर्गीकरण भी बदला, लेकिन इसके बावजूद सभी पद नहीं भरे जा सके।
भर्ती नियमों के अनुसार समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की वरीयता आयु और आरक्षण संबंधी प्रावधानों के आधार पर तय की गई। वहीं पूर्व सैनिकों को शासन के नियमों के तहत मुख्य परीक्षा के प्रारंभिक चरण में 5 प्रतिशत अतिरिक्त अंकों का लाभ दिया गया।
क्या रही कटऑफ?
सूबेदार: 571.16 अंक
एसएएफ सब इंस्पेक्टर: 497.27 अंक
जिला पुलिस बल सब इंस्पेक्टर: 505.206 अंक
टॉप-10 में पांच ओबीसी अभ्यर्थी
ESB द्वारा जारी मेरिट सूची में संजय परमार ने 595.98 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। टॉप-10 में ओबीसी वर्ग के पांच, ईडब्ल्यूएस वर्ग के तीन और अनारक्षित वर्ग के दो अभ्यर्थी शामिल हैं।
चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना
फाइनल रिजल्ट के साथ पदवार, श्रेणीवार और संवर्गवार कटऑफ भी जारी कर दी गई है। चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पुलिस विभाग द्वारा पूरी की जाएगी।
अभ्यर्थी अपना परिणाम कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।