भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की गतिविधियां बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। बुधवार को छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में भी तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
छिंदवाड़ा में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान 34 से 43.6 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी हिस्सों में 39 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
अगले दो दिन तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
सिवनी में बारिश, कई जिलों में तेज आंधी
बुधवार को सिवनी जिले में 3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी, कटनी, सतना, मैहर, पन्ना और उमरिया जिलों में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गईं।
वहीं बैतूल, मंडला, अनूपपुर और शहडोल जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। शाम के समय जबलपुर, छतरपुर, दमोह, उज्जैन, रतलाम सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया और बादल छाने के साथ हवाओं का असर देखने को मिला।
34 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सागर, छतरपुर समेत प्रदेश के करीब 34 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
चार बड़े शहरों का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—
भोपाल : अधिकतम 40.4°C, न्यूनतम 27.6°C
इंदौर : अधिकतम 38.9°C, न्यूनतम 25.4°C
ग्वालियर : अधिकतम 43.1°C, न्यूनतम 29.4°C
जबलपुर : अधिकतम 40.5°C, न्यूनतम 25.0°C