भोपाल। मध्यप्रदेश की प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख निधि निवेदिता ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत भोपाल जिले की बैरसिया तहसील का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा करने के साथ आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। वहीं स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा में बैरसिया तहसील के कीटखेड़ी गांव की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री उपलब्धि भी सामने आई। निधि निवेदिता ने बताया कि प्रदेश में अब तक 28 लाख से अधिक ग्रामीण आबादी भूखंडों की रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं।
निधि निवेदिता ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा
प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने बैरसिया तहसील कार्यालय पहुंचकर राजस्व विभाग की विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण और रास्ता विवाद से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित और नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
मध्यप्रदेश में 28 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी
निधि निवेदिता ने स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में कुल 49 लाख 55 हजार 979 लक्षित आबादी भूखंडों में से 28 लाख 9 हजार 253 की रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। इस तरह प्रदेश में लगभग 56.7 प्रतिशत रजिस्ट्री का काम पूरा हो गया है।
बैरसिया के कीटखेड़ी गांव में 100 प्रतिशत रजिस्ट्री
निधि निवेदिता ने बताया कि भोपाल जिले में कुल 42 हजार 199 आबादी भूखंडों में से 22 हजार 550 की रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं। बैरसिया तहसील में 23 हजार 540 आबादी भूखंडों में से 12 हजार 771 की रजिस्ट्री पूरी की गई है। वहीं तहसील के कीटखेड़ी गांव में स्वामित्व योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का काम पूरा कर लिया गया है।

स्वामित्व योजना से ग्रामीण परिवार होंगे आर्थिक रूप से सशक्त
प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने कहा कि स्वामित्व योजना केवल संपत्ति का दस्तावेज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिल रहा है। संपत्ति के स्वामित्व का प्रमाण मिलने से ग्रामीणों के लिए बैंक ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं हासिल करना आसान होगा। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का कानूनी अधिकार देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इस लक्ष्य को पूरा करने में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों के निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान को लेकर निधि निवेदिता ने कहा कि शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनका समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। आम नागरिकों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।