भोपाल: क्रिसमस और साल के अंत में ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज से एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रिप लगाएगी। खास बात यह है कि ट्रेन का ठहराव भोपाल मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों बीना, रानी कमलापति और इटारसी में भी रहेगा। इससे मध्यप्रदेश से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
16 और 23 दिसंबर को प्रयागराज से चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल 16 और 23 दिसंबर (बुधवार) को प्रयागराज से शाम 6 बजे रवाना होगी।
निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन अगले दिन भोपाल मंडल के स्टेशनों पर पहुंचेगी।
- बीना: सुबह 7:25 बजे
- रानी कमलापति: सुबह 9:30 बजे
- इटारसी: सुबह 11 बजे
तीनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव पांच-पांच मिनट का रहेगा। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना होकर शनिवार सुबह 7 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
19 और 26 दिसंबर को बेंगलुरु से होगी वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 04152 एसएमवीटी बेंगलुरु-प्रयागराज स्पेशल 19 और 26 दिसंबर (शनिवार) को सुबह 7 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी।
भोपाल मंडल के स्टेशनों पर ट्रेन के पहुंचने का समय इस प्रकार रहेगा
- इटारसी: दोपहर 12:35 बजे
- रानी कमलापति: दोपहर 2:15 बजे
- बीना: शाम 4:45 बजे
इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ते हुए सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में होंगे 24 कोच
रेलवे की ओर से इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें अलग-अलग श्रेणियों के कोच शामिल रहेंगे।
कोच का प्रकार संख्या
AC सेकंड 1
AC थर्ड 3
स्लीपर 11
जनरल 7
SLRD 2
कुल 24
इस व्यवस्था से एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा।
इन स्टेशनों पर भी रहेगा ठहराव
प्रयागराज से बेंगलुरु और वापसी के दौरान ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें शंकरगढ़, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम और येलहंका शामिल हैं।
क्रिसमस और न्यू ईयर पर यात्रियों को मिलेगी राहत
क्रिसमस और साल के अंत में बड़ी संख्या में लोग घूमने और अपने घर जाने के लिए रेल यात्रा करते हैं। इस दौरान नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।ऐसे में रेलवे की ओर से प्रयागराज-बेंगलुरु के बीच दो-दो ट्रिप की स्पेशल ट्रेन चलाने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर बीना, रानी कमलापति और इटारसी से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा होगा।