भोपाल - मध्य प्रदेश के सागर में कथित जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। घटना को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि सरकार इस मामले की तह तक जाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि पुलिस उस स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है, जहां से मिलावटी शराब या उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री लोगों तक पहुंची।
शराब की सप्लाई के सोर्स तक पहुंचेगी पुलिस
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि जहरीली शराब कहां से आई और इसमें मिलावट किस स्तर पर हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस तेजी से काम कर रही है और जल्द ही उस सोर्स तक पहुंचने की उम्मीद है, जहां से मिलावट वाली सामग्री लाई गई थी। उन्होंने कहा कि सस्ती शराब बेचने के लालच में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह भी जांच कर रही है कि इस तरह की घटनाओं को भविष्य में रोकने के लिए किस तरह के एहतियाती कदम उठाए जा सकते हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारी निलंबित
राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि मामले में आबकारी विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों, स्थानीय विधायक, कमिश्नर, आईजी, एसपी, कलेक्टर और आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
11 लोगों की मौत, 7 मरीज वेंटिलेटर पर
उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
मृतकों के परिवारों से मिलेंगे डिप्टी CM
राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच के जरिए जल्द से जल्द पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि घटना के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वह अगले दिन मृतकों के परिवारों से मुलाकात करने जाएंगे और उनके परिजनों से घटना को लेकर बातचीत करेंगे।