बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल जिले में विभिन्न विकास एवं पर्यटन गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व का भ्रमण कर पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही माध्यमिक शाला माकड़ा में विद्यार्थियों को 402 डेस्क-बेंच वितरित किए और 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में जंगल सफारी, जनजातीय होमस्टे, बटरफ्लाई पार्क और जिप्सी सफारी शुरू होने से बैतूल में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व के धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार सहित आसपास के वन क्षेत्रों में लगभग 25 किलोमीटर तक सफारी कर प्राकृतिक स्थलों और वन्यजीवों का अवलोकन किया। इस दौरान घोड़ीदेव व्यू पॉइंट सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का जायजा लिया गया। उन्होंने महुपानी में 42 लाख रुपये से अधिक की लागत से सफारी गेट, टिकट काउंटर और पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व प्रकृति पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। यहां जंगल सफारी शुरू होने से पर्यटक वन्यजीवों और पक्षियों की विविध प्रजातियों को करीब से देख सकेंगे।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा गाइड और जिप्सी सफारी का प्रशिक्षण
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी के लिए गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये युवा पर्यटकों को जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों, पक्षियों और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को जिप्सी संचालन और ड्राइविंग का प्रशिक्षण देकर सफारी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिससे जिप्सी चालकों और समिति के सदस्यों को आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी जंगल सफारी के लिए एक जिप्सी उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा जिप्सी खरीदने के इच्छुक स्थानीय लोगों को आर्थिक सहयोग और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार पर्यटन गतिविधियों से जुड़ सकें।
जनजातीय परिवारों के लिए बनेंगे होमस्टे, विकसित होंगे बटरफ्लाई पार्क
पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए क्षेत्र के जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित और सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को जनजातीय जीवनशैली और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। वहीं ग्रामीण परिवारों को आवास और पर्यटन सुविधाओं के माध्यम से आय प्राप्त होगी। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की योजना है। इसके लिए लगभग दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बोरनाला और गौनीघाट में डोम निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। घास के मैदानों और व्यू पॉइंट्स को भी विकसित किया जाएगा।

बडोरा मंडी से तितली चौराहे तक 6.91 करोड़ की सड़क का शिलान्यास
हेमंत खण्डेलवाल ने बडोरा मंडी से तितली चौराहे तक 6.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से मंडी क्षेत्र में लगने वाले जाम से किसानों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। लगभग 40 फीट चौड़ी इस सड़क को आगामी चार माह में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क बनने से मंडी में आने-जाने वाले किसानों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होना चाहिए और उन्हें उपज का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बढ़ते कृषि उत्पादन और सब्जी उत्पादन को देखते हुए मंडी विस्तार के लिए लगभग 20 एकड़ अतिरिक्त जमीन की तलाश की जा रही है।
शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत विद्यार्थियों को मिले 402 डेस्क-बेंच
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एकीकृत माध्यमिक शाला माकड़ा में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत विद्यार्थियों को 402 डेस्क-बेंच वितरित किए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और जनसहयोग से जिले के स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले में दो हजार से अधिक स्कूल हैं। प्रत्येक स्कूल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ समाज की सहभागिता भी जरूरी है। जिले के शिक्षकों ने अपने वेतन से लगभग 9 हजार डेस्क-बेंच स्कूलों को भेंट की हैं। यह शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों की तर्ज पर जिले के अन्य स्कूलों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
4 करोड़ से अधिक की लागत से बने आजीविका प्लाजा का लोकार्पण
हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह प्लाजा आने वाले समय में बैतूल शहर की नई पहचान बनेगा। यहां महिला स्व-सहायता समूहों और जनजातीय परिवारों के स्थानीय उत्पादों को व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने आजीविका दीदी कैफे पहुंचकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और चाय पर चर्चा के दौरान व्यवसाय, उत्पादों की गुणवत्ता, ग्राहकों की पसंद और कारोबार बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं केवल आजीविका के साधनों तक सीमित न रहें, बल्कि सफल उद्यमी बनकर अपनी पहचान स्थापित करें। आजीविका प्लाजा में दुकानों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बिक्री के अवसर विकसित किए जाएंगे।

आईटीआई के कौशल दीक्षांत समारोह में भी हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के कौशल दीक्षांत समारोह में भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना एवं शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने की पहल की जा रही है। उनका लक्ष्य बैतूल को सिंचाई, सड़क, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। कार्यक्रम के दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।