उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी बढ़ने से कई घाट और आसपास के मंदिर जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं।
कई मंदिर और पुल पानी में डूबे
लगातार बारिश के चलते शिप्रा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। बढ़ते जलस्तर के कारण कई मंदिरों के साथ कुछ पुल भी पानी में डूब गए हैं। हालांकि, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामघाट होमगार्ड नाइट पेट्रोल प्रभारी राशिद खान ने बताया कि रात से लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा है और केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की सलाह दी जा रही है।
दिन-रात तैनात हैं होमगार्ड जवान
राशिद खान के मुताबिक, रात की ड्यूटी के लिए 10 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं, जबकि दिन के समय 15 से 20 जवान घाटों पर निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।