देश की राजधानी दिल्ली की सभी 7 संसदीय सीटों पर छठे चरण में आज शनिवार (25 मई) को वोट डाले जा रहे हैं। जिसके परिणाम 4 जून 2024 को घोषित होंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी , प्रियंका सहित पूरे गांधी परिवार ने भी दिल्ली में मतदान किया है। वहीं प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा और उनके बच्चे रेहान और मिराया ने भी वोट डाला है। लेकिन इनमें से किसी ने भी अपनी पार्टी कांग्रेस को वोट नहीं दिया। कांग्रेस के साथ पहली बार ऐसा हुआ है कि, उसके दिग्गज नेता अपनी ही पार्टी को वोट नहीं डाल पाए हैं।
दिल्ली में आप और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही है
आपको बता दें कि, देश की राजधानी दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। बहरहाल, दिल्ली में हुए सीट बंटवारे के अनुसार, 7 सीटों में से AAP के पास 4 सीट, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली है। वहीं, कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली में चुनाव लड़ रही है। लेकिन, इस चुनाव में सबसे मजे की बात तो ये है कि, गांधी परिवार इस बार अपनी ही पार्टी कांग्रेस को वोट नहीं डाला पाया है।
गांधी परिवार ने नहीं दिया कांग्रेस को वोट
इस लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा हाथ के पंजे को वोट नहीं कर पाए हैं। आपको बता दें कि, पूरा गांधी परिवार, रॉबर्ट वाड्रा सहित नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) का उम्मीदवार उतरा हुआ है। यहां से AAP ने सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा है।
राहुल-प्रियंका ने यहां से किया मतदान
आपको बता दें कि, राहुल गांधी ने दिल्ली के औरंगजेब लेन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला है। वहीं, सोनिया गांधी ने निर्माण भवन स्थित पोलिंग बूथ जाकर मतदान किया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बच्चे रेहान, मिराया के साथ लोधी स्टेट इलाके में मतदान किया हैं। ये सभी पोलिंग बूथ नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। जहाँ AAP चुनाव लड़ रही है, ऐसे में वहां कांग्रेस का कोई उम्मीदवार ही नहीं है। गठबंधन धर्म के अनुसार, यहाँ गांधी परिवार ने झाड़ू का बटन दबाया है, क्योंकि पंजा वहां EVM में है ही नहीं।
1951 में नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र का गठन हुआ था
आपको बता दें कि, साल 1951 में नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र का गठन हुआ था। अब तक कांग्रेस प्रत्याशी यहां से 7 बार चुनाव जीत चुके हैं। 1952 से लेकर 2019 तक कांग्रेस हर बार यहाँ से ताल ठोंकती रही, लेकिन इतिहास में पहली बार देश पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस यहाँ चुनाव नहीं लड़ रही है। साल 2004 और 2009 में कांग्रेस के अजय माकन यहां से निर्वाचित हुए थे। इसके बाद साल 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी की मीनाक्षी लेखी ने यहां से कमल खिलाया था।
Comments (0)