प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके को लेकरभारतीय जनता पार्टी ने काफी तैयारियां की हैं। देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं जन्मदिन के मौके पर पीएम मोदी को बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पक्ष और विपक्ष के नेता पीएम को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
अमित शाह ने किया ट्वीट
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि, "देश के सबसे प्रिय नेता व हम सभी के प्रेरणास्त्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देता हूं। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। नरेंद्र मोदी जी ने अपनी भारत प्रथम की सोच व गरीब कल्याण के संकल्प से असंभव कार्यों को संभव करके दिखाया है।
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने अपने नेतृत्व से देश में प्रगति और सुशासन को अद्भुत मजबूती दी है और पूरे विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और स्वाभिमान को नई ऊंचाईयों कतक पहुंचाया है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर दी बधाई
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आप के द्वारा अतुलनीय परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सृजनशीलता के साथ किया जा रहा राष्ट्रनिर्माण का अभियान, आप के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहे। मेरी शुभेच्छा है कि ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु बनाए।
राहुल गांधी ने दी बधाई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। राहुल गांधी ने अपने ट्विटर पर लिखा, पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, "एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के शिल्पी, 'अंत्योदय' हेतु राष्ट्र आराधना में सतत रत, यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! प्रभु श्री राम माँ भारती के परम उपासक आदरणीय प्रधानमंत्री जी को दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।
Comments (0)