बीजेपी के दिग्गज नेता ब्रजेश पाठक ने एक बार फिर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पाठक ने कहा कि, लोकसभा चुनाव 2024 में दो पक्षों के बीच लडाई हो रही है। एक पक्ष कार सेवकों पर गोली चलाने वाले हैं तो दूसरा पक्ष राम मंदिर बनाने वाला है, एक पक्ष की तरफ भारत माता को डायन कहने वाले लोग हैं और एक तरफ भारत माता की जयकारे लगाने वाले हैं। उन्होंने जनता से कहा कि, आपको फैसला करना है कि, किसकी सरकार बननी चाहिए।
पहले आंतकवादी बम धमाके करते थे
उतर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, पहले आंतकवादी बम धमाके करते थे और गरीब जनता मारी जाती थी। भारतीय जनता पार्टी के राज में पुलवामा अटैक हुआ, जिसके बाद भारत की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए पाकिस्तान के घर में घुसकर करारा जबाब दिया। पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, सपा सरकार जब बनती है, तो आतंकवादियों के केस पहले वापस लिए जाते हैं। वहीं, बीजेपी सरकार में आतंकियों और गुंडों को मारने के साथ-साथ उन्हें जेल भेजने का काम किया जाता है।
विपक्ष एजेंडा विहीन और भ्रष्टाचारियों का समूह है
ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, सपा और कांग्रेस में पहले से तय है कि, उनकी पार्टी का अध्यक्ष कौन बनेगा, लेकिन, भाजपा में सबसे पिछली कतार में बैठने वाला कार्यकर्ता, जिला अध्यक्ष, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री बन सकता है। दावा करते हुए उन्होंने कहा कि, चुनाव में विपक्ष की जमानत जब्त हो जाएगी। विपक्ष के पास न नेता, न नियति, न नीति, न नेतृत्व है। विपक्ष एजेंडा विहीन और भ्रष्टाचारियों का समूह है, जो केवल सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। विपक्ष की चुटकी लेते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि, चार जून के बाद सब अलग-अलग हो जाएंगे। दिल के टुकड़े हजार हुए कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा, यही विपक्ष की हालत होने वाली है।
Comments (0)