बिहार के आरा में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प रैली के तहत आयोजित समारोह में बिहार कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने जनता से एकजुट रहने का आह्वान किया। वहीं अखिलेश सिंह ने अपने भाषण में बीजेपी एवं NDA गठबंधन पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, हमारी लड़ाई गणेश जी को दूध पिलाने वाले पाखंडियों से है, जिन्होंने पूरे देश के मंदिरों में दूध पिलवाने का काम कर जनता को बांटने का काम किया है।
नरेंद्र मोदी यदि फिर से सत्ता में आ गए तो इस देश में प्रजातंत्र नहीं रहेगा
वहीं एक देश एक चुनाव समेत सत्तापक्ष के कई बयानों को लेकर अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि, नरेंद्र मोदी यदि फिर से सत्ता में आ गए तो इस देश में प्रजातंत्र नहीं रहेगा, क्योंकि नरेंद्र मोदी इस देश को पुतिन के मार्ग पर ले जाना चाहते हैं। अपने संबोधन में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि, कांग्रेस की गोलबंदी नहीं हुई तो यह देश फिर से गुलाम हो जाएगा। उन्होंने आगे आरा के शहीद भवन स्थित कांग्रेस दफ्तर के समीप दान में दी जमीन के मालिक और कांग्रेसी नेता की तस्वीर कांग्रेस कार्यालय में नहीं होने को लेकर कहा कि, ऐसे महान लोगों की प्रतिमा कांग्रेस कार्यालय में नहीं लगेगी तो फिर कहां लगेगी। अपनी बात पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि, जो अपने पुरखों को याद नहीं करता, उस समाज की कभी प्रगति नहीं होती।
कैबिनेट विस्तार करने का पावर सीएम नीतीश के पास है
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में अखिलेश प्रसाद सिंह से पीएम के चेहरे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब में कहा कि, ये सब सभी घटक दलों को एकसाथ मिलकर तय करना है तथा हम सब लोग अच्छी तरह से इस पर अपनी सहमति बना लेंगे। इसके साथ ही बिहार में कैबिनेट विस्तार पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि, यह सीएम नीतीश कुमार को सोचना चाहिए, क्योंकि हमारी संख्या बल बहुत है तथा उन्हीं के पास कैबिनेट विस्तार करने का पावर है।
Comments (0)