जम्मू-कश्मीर- जम्मू-कश्मीर में बाबा अमरनाथ यात्रा 2026 का गुरुवार से विधिवत शुभारंभ हो गया। यात्रा का पहला जत्था जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूरा परिसर 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।
कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रा जारी
पहला जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीनगर के लिए रवाना हुआ। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF, BSF और भारतीय सेना के साथ 70 हजार से अधिक अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पूरे 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान हाईवे पर आम वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा रही है।
पहली बार यात्रा पर निकले युवा श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
इस बार अमरनाथ यात्रा में पहली बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचे युवाओं की संख्या अच्छी-खासी देखने को मिली। राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले एक साल से इस यात्रा का इंतजार कर रहे थे। श्रद्धालुओं का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पर उन्हें पूरा भरोसा है और बाबा का बुलावा मिलने के बाद किसी तरह का डर नहीं है।
शुक्रवार को करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
जम्मू से रवाना हुआ पहला जत्था श्रीनगर पहुंचने के बाद बालटाल और पहलगाम बेस कैंप जाएगा। इसके बाद शुक्रवार सुबह श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना होकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। प्रशासन ने मौसम और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।
रिकॉर्ड तोड़ सकती है इस साल की यात्रा
भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि इस बार अमरनाथ यात्रा पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के कारण श्रद्धालु पूरी आस्था और विश्वास के साथ यात्रा कर रहे हैं।