3 जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। श्रद्धालुओं के काफिलों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 2 जुलाई से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
2 जुलाई को रवाना होगा पहला श्रद्धालु काफिला
- ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, पहला काफिला यात्री निवास, भगवती नगर से रवाना होगा।
- बालटाल मार्ग के लिए काफिला सुबह 4:00 बजे निकलेगा।
- पहलगाम मार्ग के लिए काफिला सुबह 4:15 बजे प्रस्थान करेगा।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
पुलिस के मुताबिक, सुबह 3:45 बजे से लेकर पहलगाम काफिले के गुजरने तक कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रमुख प्रतिबंधित मार्ग इस प्रकार हैं:
कैनाल हेड से श्री बंदा बहादुर चौक (भगवती नगर)
बेलीचरणा आर एंड बी ब्रिज से चौथे तवी ब्रिज की ओर
जीसीडब्ल्यू गांधी नगर फ्लाईओवर से एशिया क्रॉसिंग और बिक्रम चौक
पनामा चौक से होटल एशिया मार्ग
पीएचक्यू से बिक्रम चौक (जम्मू विश्वविद्यालय मार्ग)
वेयरहाउस से बिक्रम चौक
बी.सी. रोड, बस स्टैंड से मंडा तक तथा इससे जुड़े संपर्क मार्ग
एनएच-44 पर भी विशेष व्यवस्था
यात्रा अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर भी विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू रहेगा। नगवाल/पल्ली मोड़, कुंजवानी चौक, बजाल्टा कट, सिधड़ा कट, अटल चौक और टीसीपी नगरोटा में चेक और कट-ऑफ प्वाइंट बनाए जाएंगे।
इन स्थानों से:
- रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों (HMVs) को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
- रात 12 बजे के बाद हल्के वाहनों (LMVs) की आवाजाही भी रोकी जाएगी।
57 दिनों तक चलेगी यात्रा
श्री अमरनाथ यात्रा-2026 का समापन 28 अगस्त को होगा। इस बार यात्रा 57 दिनों तक चलेगी।
पहलगाम और बालटाल मार्ग घोषित हुए ‘नो-फ्लाई ज़ोन’
सुरक्षा कारणों से इस वर्ष पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों को ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से एडवाइजरी का पालन करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा अवधि में सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।