पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इंडी गठबंधन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। आरा में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है। उनके पास न कोई नीति है और न ही उनकी नीयत ठीक है।
पटना एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार सुबह करीब 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे आरा के लिए रवाना हुए।आरा में भाजपा और एनडीए की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी शामिल होंगे।
इंडी गठबंधन पर साधा निशाना
पटना से आरा रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन पूरी तरह तितर-बितर हो चुका है। उनके मुताबिक, विपक्षी गठबंधन के पास न कोई नीति है और न ही उनकी नीयत ठीक है।
वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में विशाल जनसभा का आयोजन, फिर निकलेगी पदयात्रा
आरा में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा से पहले वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में विशाल जनसभा का आयोजन होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।