पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर भाजपा पर विश्वास जताएगी और पार्टी के उम्मीदवार को विजयी बनाएगी।
'बांकीपुर की जनता फिर सम्मान देगी'
गिरिराज सिंह ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने पहले नितिन नवीन को विधायक बनाया और बाद में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी बांकीपुर की जनता भाजपा उम्मीदवार को अपना समर्थन देगी।
प्रशांत किशोर पर कसा तंज
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ने के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं और जनता उनके राजनीतिक चेहरे को अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में अंतिम फैसला जनता करती है और भाजपा को जनता के समर्थन पर पूरा भरोसा है।