सोनपुर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर अब बिहार में भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को सोनपुर में गंडक नदी का नजारा देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। नदी की तेज धार में बड़ी संख्या में लकड़ियां, टीन, फर्नीचर, गैस सिलेंडर और घर-दुकानों का सामान बहता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि नेपाल में बाढ़ से तबाह हुए इलाकों का मलबा गंडक नदी के रास्ते बिहार तक पहुंच रहा है।
गंडक में बहता दिखा नेपाल की तबाही का सामान
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। कई इलाकों में मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं और बड़ी मात्रा में सामान पानी के तेज बहाव में बह गया। अब यही मलबा गंडक नदी के जरिए बिहार की ओर पहुंच रहा है। शुक्रवार सुबह सोनपुर में लोगों ने नदी के पानी में टूटी लकड़ियां, टीन, निर्माण सामग्री और घरों में इस्तेमाल होने वाला सामान बहते देखा। तेज बहाव के साथ लगातार आगे बढ़ता मलबा नेपाल में हुई तबाही की भयावह तस्वीर बयां कर रहा था।
पुरानी गंडक पुल और घाट के पास भयावह नजारा
सोनपुर में पुरानी गंडक पुल और नमामि गंगे घाट के आसपास नदी में सबसे ज्यादा मलबा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी में टूटे मकानों और दुकानों का सामान भी बह रहा था। लोगों ने नदी में पशुओं के शव दिखाई देने का भी दावा किया। इनमें गाय, भैंस, बकरी, कुत्ते और सूअर के शव शामिल होने की बात कही गई है। हालांकि, शवों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गैस सिलेंडर और फर्नीचर भी बहा
गंडक नदी में सिर्फ लकड़ी और मिट्टी का मलबा ही नहीं, बल्कि गैस सिलेंडर, फर्नीचर और टीन जैसी चीजें भी बहती नजर आईं। नदी के तेज बहाव में इतनी दूर से घरों और दुकानों का सामान पहुंचना स्थानीय लोगों के लिए हैरानी की वजह बन गया।
मलबा देखने के लिए घाटों पर जुटे लोग
सुबह से ही सोनपुर के अलग-अलग घाटों पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। लोग नदी में बहकर आ रहे सामान को देखते रहे और नेपाल में आई बाढ़ की भयावहता को लेकर चर्चा करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंडक नदी में बहकर आ रहा यह मलबा नेपाल में हुई भारी तबाही का असर दिखा रहा है। प्रशासन की ओर से भी नदी की स्थिति और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा रही है।