चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने TVK प्रमुख विजय को लेकर प्रधानमंत्री पद की चर्चा ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। तूतीकोरिन में विजय को ‘Tomorrow’s PM’ यानी ‘भविष्य का प्रधानमंत्री’ बताने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर सामने आने के बाद उनकी पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में संभावित भूमिका और 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने TVK नेताओं के दावों पर तंज कसते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री बनने के लिए लोकसभा में 272 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
विजय को ‘Tomorrow’s PM’ बताने वाले पोस्टर से चर्चा तेज
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) नेता सुधाकर की ओर से लगाए गए पोस्टरों में पार्टी प्रमुख विजय को ‘Tomorrow’s PM’ बताया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या विजय की राजनीति अब सिर्फ तमिलनाडु तक सीमित रहने वाली नहीं है और क्या उनकी पार्टी भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रही है।
पहले भी उठ चुका है विजय के PM बनने का मुद्दा
विजय को प्रधानमंत्री पद से जोड़कर चर्चा पहले भी सामने आ चुकी है। हाल ही में तमिलनाडु के खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा था कि भविष्य में देश को दक्षिण भारत से भी प्रधानमंत्री मिलना चाहिए। परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और उनकी आवाज को लेकर चिंता जताई थी। अर्जुन ने तमिलनाडु के सभी 39 लोकसभा सांसदों से परिसीमन के मुद्दे पर एकजुट रहने की अपील भी की थी। उनके बयान के बाद विजय का नाम प्रधानमंत्री पद की संभावित चर्चा से जोड़ा गया।
TVK नेताओं के बयानों से बढ़ी राष्ट्रीय राजनीति की अटकलें
TVK के कई नेता विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका मिलने की बात कह चुके हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टैयन ने विजय की तुलना तमिलनाडु के दिग्गज नेताओं एमजीआर और जयललिता से करते हुए कहा कि भविष्य में विजय देश की कमान संभाल सकते हैं। वहीं मंत्री डी. सरथकुमार ने विजय को ‘अगला प्रधानमंत्री’ तक बताया। पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि आने वाले समय में विजय लाल किले से देश का तिरंगा फहरा सकते हैं। इन बयानों के बाद विजय के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा और तेज हो गई है।
कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा- पहले 272 का आंकड़ा देखिए
विजय को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताए जाने पर कांग्रेस ने TVK नेताओं पर निशाना साधा है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिक्कम टैगोर ने कहा कि TVK नेता अभी भी ‘फैन क्लब’ वाली मानसिकता से राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि समर्थक अपने नेता को प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख सकते हैं, लेकिन देश की राजनीति सिर्फ सपनों से नहीं चलती। उन्होंने लोकसभा की 543 सीटों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र में सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों के समर्थन की जरूरत होती है। कांग्रेस सांसद पी. जोथिमणि ने भी TVK नेताओं को विजय को प्रधानमंत्री बनाने की चर्चा के बजाय तमिलनाडु सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का नाम आगे है।
क्या 2029 में राष्ट्रीय राजनीति का रुख करेंगे विजय?
‘Tomorrow’s PM’ पोस्टरों और TVK नेताओं के बयानों ने विजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि अभी तक इन पोस्टरों से यह स्पष्ट नहीं होता कि TVK ने औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव लड़ने या विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने का कोई फैसला किया है। ऐसे में फिलहाल यह देखना अहम होगा कि विजय की राजनीति तमिलनाडु तक सीमित रहती है या TVK 2029 के लोकसभा चुनाव के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश करती है।