नई दिल्ली। अगस्त का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन देश में मानसून की सक्रियता अभी भी बनी हुई है। कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा के आसपास नया लो प्रेशर एरिया बन सकता है। इसके असर से पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
दिल्ली में 3 सितंबर तक बारिश के आसार नहीं
राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश से राहत रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर तक दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
यूपी में बौछारें, बिहार-झारखंड में अलर्ट
उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जिसके चलते प्रदेश में मानसून सक्रिय है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड में भी 31 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है।
MP, राजस्थान समेत इन राज्यों में बारिश-आंधी
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़ में 3 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। कोंकण और गोवा में 3 सितंबर तक व्यापक बारिश हो सकती है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वी भारत में बढ़ सकती है बारिश
गंगीय पश्चिम बंगाल में 1 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ओडिशा में आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में भी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी बरसेंगे बादल
दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा में भी जोरदार बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है।