देश में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को एनडीए और विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया है। बीजेपी ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी महिला नेता द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। विपक्ष की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। सूत्रों से पता चला है कि द्रौपदी मुर्मू 25 जून को नामांकन दाखिल कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दिन बीजेपी ने 24 और 25 जून को अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। जबकि 18 जुलाई को मतदान होगा वहीं 21 जुलाई को मतगणना होगी।
मैं आश्चर्यचकित और खुश हूं
राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने रायरंगपुर में अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, मैं आश्चर्यचकित और खुश हूं। मयूरभंज जिले से आने वाली एक आदिवासी महिला के रुप में मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा।
वो देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि वह समर्थन के लिए निर्वाचित सदस्यों से मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा कि मैं बहुत आभारी हूं। साथ ही ये भी कहा कि संविधान में राष्ट्रपति की जो भी शक्तियां होंगी, मैं उन्ही के अनुसार काम करुंगी। बता दें कि अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीत जाती है को वो देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।
झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनीं और साल 2015 से 2021 तक पद पर काम किया
द्रौपदी मुर्मू अपने राजनीतिक करियर में लगातार बाधाओं को तोड़ते हुए आगे बढ़ रही है। इससे पहले वो झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनीं और साल 2015 से 2021 तक पद पर काम किया। ओडिशा के मयूरभंज जिले के आदिवासी परिवार में 20 जून 1958 को द्रौपदी मुर्मू का जन्म हुआ। जीवन में कई अड़चनों के बीच उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, द्रौपदी मुर्मू जी ने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीबों, दलितों के साथ-साथ हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है और उनका कार्यकाल उत्कृष्ट रहा है। मुझे भरोसा है कि हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी।
Comments (0)