भागलपुर | केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। बिहार के भागलपुर में उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की परिस्थितियों की तुलना दूसरे देशों से कर रहा है। उन्होंने खास तौर पर कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधा।
‘भारत जैसे लोकतंत्र में अराजकता नहीं फैला सकते’
चिराग पासवान ने कहा कि 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले भारत जैसे बड़े लोकतंत्र में अराजकता का माहौल नहीं बनाया जा सकता। उनके मुताबिक, विपक्ष अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने के लिए देश की परिस्थितियों की तुलना बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान से करता है, जो उचित नहीं है।
बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान का किया जिक्र
केंद्रीय मंत्री ने दुनिया के अलग-अलग देशों के हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि यूरोप के कई देश संघर्ष और अशांति का सामना कर रहे हैं। वहीं, नेपाल में सत्ता परिवर्तन, बांग्लादेश की परिस्थितियों और पाकिस्तान में सेना के हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष भारत में भी ऐसी अराजक स्थिति चाहता है?
कांग्रेस और विपक्ष की भूमिका पर उठाए सवाल
चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व विरोध-प्रदर्शनों की आड़ में विदेशी ताकतों की सोच को बढ़ावा देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए ऐसे तत्वों का साथ देना लोकतंत्र में विपक्ष की सही भूमिका नहीं हो सकती। मंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत का सच्चा नागरिक देश में अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेगा।