नई दिल्ली | चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे कम अधिकतम तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 10.3 डिग्री कम है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1951 के बाद अक्टूबर में दर्ज किया गया यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। दिल्ली में चार वर्षों में अक्टूबर के दौरान एक दिन में सबसे अधिक 61.4 मिमी बारिश भी दर्ज की गई। इससे पहले 9 अक्टूबर 2022 को 74 मिमी वर्षा हुई थी। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में आगे भी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।
UP में 20 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिला। प्रदेश में औसतन 7.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
बिहार में बारिश से धान की फसल प्रभावित
बिहार में पटना समेत कई जिलों में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश और खराब मौसम के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने की खबर है। कृषि कार्य भी प्रभावित हुए हैं। किसानों ने धान की कटाई रोक दी है, जबकि आलू की रोपाई भी स्थगित करनी पड़ी है।
MP में 5 से 6 डिग्री तक गिरा तापमान
मध्य प्रदेश में भी तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से दिन के तापमान में औसतन 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में तापमान 6.8 डिग्री तक गिरा। खजुराहो, राजगढ़ और सीधी में सबसे अधिक 3-3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
पंजाब में बारिश के आसार, हिमाचल में बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
कई राज्यों में ठंड बढ़ने के संकेत
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट आई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को समय से पहले ठंड का एहसास होने लगा है। आने वाले दिनों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है।